widgets


पानी का बिल नहीं चुकाने वालों की संपत्ति कुर्क होगी
 
पानी का बिल नहीं चुकाने वालों की संपत्ति कुर्क होगी 
१० हजार लोगों पर १६ करोड़ बकाया 
जलदाय विभाग ने जारी किए २००० नोटिस, पहली बार इस तरह की कार्रवाई 
श्याम राज शर्मा त्न जयपुर
बार-बार चेतावनी के बावजूद पानी के बिल की राशि जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की संपत्ति कुर्क की जाएगी। जलदाय विभाग ने पहले चरण में जयपुर में करीब दो हजार नोटिस जारी किए हैं।

कुर्की व कनेक्शन काटने के दौरान विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस में मामला भी दर्ज कराया जाएगा। नोटिसों में घरेलू, कॉमर्शियल और सरकारी संस्थाओं के कनेक्शन शामिल हैं। यह पहला मौका है, जब जलदाय विभाग इस तरह की कार्रवाई कर रहा है। विभाग कुर्क होने वाली संपत्ति को नीलाम कर बकाया राशि वसूलेगा।

जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) दिनेश शर्मा ने बताया कि पानी के बिल की बकाया राशि जमा नहीं कराने वालों पर सख्ती की जा रही है। हमने बकाया वसूली अभियान शुरू कर दिया है। पहले चरण में दो हजार नोटिस जारी कर चुके हैं। शेष बकायादारों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।



यह है नोटिस

विभाग ने दिया सात दिन का समय

विभाग की ओर से दिए जा रहे नोटिसों में बकाया जमा कराने के लिए सात दिन का अंतिम अवसर भी दिया जा रहा है। नोटिस में लिखा है कि तय समयावधि में राशि जमा नहीं कराने पर कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।

सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई होगी

पुलिस, पीडब्ल्यूडी, सामान्य प्रशासन विभाग सहित अन्य विभागों पर भी पानी के बिलों के करोड़ों रुपए बकाया है। इनको भी बार-बार नोटिस दिए गए। जलदाय विभाग के इंजीनियरों का कहना है कि इस बारे में आला अधिकारियों को सूची दी जा रही है। उसके बाद कार्रवाई करेंगे।

दूसरा कनेक्शन ले लिया तो फर्जीवाड़े का केस

विभाग के सर्वे में सामने आया है कि शहर में कई उपभोक्ताओं ने पानी के बिल की बकाया राशि जमा कराने से बचने के लिए दूसरा कनेक्शन ले लिया। इन उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूलने के लिए संपत्ति नीलाम करने के साथ ही फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला भी दर्ज कराया जाएगा और कनेक्शन काटा जाएगा।

जयपुर में करीब दस हजार उपभोक्ताओं पर कई साल से 16 करोड़ रु. बकाया हैं। बकाया वसूली के लिए विभाग ने एक्सईएन, एईएन, जेईएन व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की है। विभाग की ओर से कार्रवाई में पुलिस व जिला प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। 

Categories:

Leave a Reply